धर्मशाला कालेज में आज से मिलेंगे प्रोस्पेक्टस

धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला सहित प्रदेश के विभिन्न कालेजों में 10 जून से नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सोमवार से कालेजों में विद्यार्थियों को प्रोस्पेक्टस मिलना शुरू होंगे। हिमाचल विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेशों के चलते विद्यार्थी 20 जून तक बिना विलंब शुल्क के महाविद्यालयों में बीए, बीएससी, बीकॉम और अन्य विषयों में प्रवेश ले सकेंगे। कालेजों में नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए महाविद्यालय प्रशासन और छात्र संगठनों ने तैयारियां करना शुरू कर दी हैं। कालेजों में नए विद्यार्थियों के लिए कालेज प्रशासन और छात्र संगठनों द्वारा मार्गदर्शन केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। धर्मशाला कालेज के प्राचार्य सतीश चंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार से महाविद्यालय में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सोमवार से ही कालेज में प्रवेश के लिए प्रोस्पेक्टस भी मिलना शुरू हो जाएंगे। महाविद्यालय में सोमवार को एडमिशन कमेटी की बैठक का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न छात्र संगठनों के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए सूचना केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। अगर एडमिशन प्रक्रिया के दौरान किसी भी विद्यार्थी को कोई परेशानी पेश आती है तो वह कालेज प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रख सकता है। धर्मशाला महाविद्यालय में एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष मनीष अवस्थी और पूर्व महासचिव आतिश गुलेरिया ने कहा कि धर्मशाला कालेज के अलावा प्रदेश के अन्य महाविद्यालयों में नए विद्यार्थियों के लिए विद्यार्थी परिषद द्वारा मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव गौरव कुमार ने कहा कि एनएसयूआई द्वारा भी महाविद्यालय में नए सत्र में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों की सहायता के लिए मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

Related posts