धर्मशाला अस्पताल को मिलेगा एनएबीएच का दर्जा

धर्मशाला। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सुधीर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जोनल अस्पताल को राष्ट्रीय अस्पताल बोर्ड की मान्यता प्रदान करने की कवायद जारी है। उन्होंने कहा कि एनएबीएच (नेशनल एक्रेडेशन बोर्ड फार हास्पिटल हेल्थ केयर प्रोवाइडर) की मान्यता हासिल करने वाला क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला प्रदेश का पहला हास्पिटल होगा। पिछले माह एनबीएच की टीम अस्पताल का भ्रमण कर चुकी है। एनएबीएच की मान्यता मिलने के उपरांत राष्ट्रीय मानकों के अनुसार अस्पताल में सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
अस्पताल में मई माह के प्रथम सप्ताह से राष्ट्रीय वायरल लैब, डाइलाइसिस केंद्र, फिजियोथैरेपी यूनिट और अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली सुविधाएं आरंभ हो जाएंगी।
अस्पताल में अब रोगी पर्चियां कंप्यूटर के माध्यम से उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि रोगियों के रिकॉर्ड को ऑनलाइन किया जा सके। शल्य एवं चिकित्सा उपकरण खरीदने के लिए 28 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त 43 लाख रुपये की राशि पीएचसी बगली, 16-16 लाख रुपये की राशि एचएससी सुक्कड़ एवं शीला के लिए स्वीकृत की गई है।
अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों का कुशलक्षेम भी पूछा। मंत्री ने अस्पताल की बॉयो मेडिकल वेस्ट मशीन के चालू न किए जाने के मामले की जांच के आदेश दिए।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल की विद्युत वायरिंग, रोगियों के बेड और फ्लोरिंग आदि के मरम्मत कार्य का प्राक्कलन तैयार करके तुरंत प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जल्द धनराशि का प्रावधान किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉड़ीएस गुरंग, चिकित्सा अधीक्षक डा. राकेश शर्मा के अतिरिक्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेश, महासचिव जितेेंद्र शर्मा, पीसीसी सदस्य दिग्विजय पुरी, राम स्वरूप शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related posts