धर्मपुर, सुंदरनगर की खड्डों पर माफियाराज

धर्मपुर/सुंदरनगर (मंडी)। हाईकोर्ट तथा सरकार की ओर से खनन पर रोक लगाने के बाद भी जिले के कई स्थानों पर माफिया फलफूल रहा है। खड्डों में बेरोकटोक अवैध खनन हो रहा है। प्रशासन तथा विभाग की ओर से खनन माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सोमवार को सुंदरनगर तथा धर्मपुर क्षेत्र की खड्डों का ‘अमर उजाला’ ने निरीक्षण किया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे। सोन तथा शिवद्वाला खड्ड के बीचोंबीच ट्रैक्टर खड़ा है और उसमें रेत-बजरी और पत्थर भरा जा रहा है। सोन खड्ड में अवैध खनन को बेखौफ अंजाम दिया जा रहा है। अवैध खनन से खड्ड का सीना छलनी हो गया है। किसी समय धर्मपुर की सोन खड्ड में दौला समुदाय के लोग रेत और बालू को छानकर सोना निकालकर अपनी रोजी रोटी कमाते थे। अब हालात बदल गए हैं।
इधर, सुंदरनगर में सुबह करीब 11:30 बजे अमर उजाला की टीम पहुंची। रड़ा गांव में तीन ट्रैक्टर सड़क किनारे लगे रेत के ढेर से अपने ट्रैक्टरों को जेसीबी से लोड कर रहे थे। इन्हें न तो कोई रोकने वाला था और न ही कोई एम फार्म पूछने वाला। दोपहर एक बजे चुनाहन के निकट खड्ड के किनारे दो ट्रैक्टर भूस्खलन के कारण हुए भू-कटाव से गिरे पत्थर निकाल कर बेधड़क अपनी ट्रालियों को भर रहे थे। दोपहर बाद तीन बजे डुगरांई-रड़ा में बरसात से पहले रेत तथा बजरी की स्टाक एकत्रित किया गया है। जहां पर माल लेने के लिए दो टिप्पर लाइन में लगे हुए थे, जबकि एक दो ट्रैक्टरों में माल भरा जा रहा था।

जिला खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा का कहना है कि अवैध खनन की शिकायत आने पर विभाग कार्रवाई करता है। अवैध खनन न हो इसके लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Related posts