
धर्मपुर (मंडी)। कार्यरत सैनिकों और भूतपूर्व फौजियों के लिए एक जनवरी से धर्मपुर के गांधी नगर में सीएसडी कैंटीन का एक्सटेंशन काउंटर खुल जाएगा। काउंटर खुलने के बाद धर्मपुर के पूर्व सैनिकों को सरकाघाट नहीं जाना पड़ेगा। इससे क्षेत्र के सैकड़ों सैनिकों को लाभ मिलेगा। इससे पहले धर्मपुर में सरकाघाट से ही मोबाइल कैंटीन आती थी और कुछ लोग सरकाघाट कैंटीन से ही सामान लाते थे। अब धर्मपुर में कैंटीन खुल जाने से क्षेत्र के सैनिकाें को लाइन में धक्के खाने से छुटकारा मिलेगा।
सरकाघाट कैंटीन के मैनेजर जगतराम ठाकुर ने बताया कि पहली जनवरी से धर्मपुर में एक्सटेंशन काउंटर खुल जाएगा। इससे क्षेत्र के सेवारत सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों को सामान लेने में आसानी रहेगी। एक्सटेंशन काउंटर खोलने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। यहां 28 दिसंबर के बाद सामान आना शुरू हो जाएगा और पहली जनवरी को इसका शुभारंभ होगा तथा इसी दिन से बिक्री शुरू हो जाएगी।
