धर्मपुर में बारिश से करोड़ों का नुकसान : महेंद्र

धर्मपुर (मंडी)। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर क्षेत्र की सरसकान और भरौरी पंचायतों का दौरा कर भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि बारिश से जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की मांग प्रदेश सरकार के समक्ष रखेंगे।
विधायक ने कहा कि इस बार भारी बारिश से धर्मपुर विस क्षेत्र में करोड़ों का नुकसान हुआ है। भरौरी पंचायत के सतरेहड़ और मठी बनवार गांव में भूस्खलन के कारण आठ परिवार बेघर हो गए थे। इसी पंचायत के जंगेल गांव में भी जमीन धंस रही है और जो कभी भी कहर बरपा सकती है। उन्होंने सरकार से भूस्खलन की रोकथाम के लिए विशेष पैकेज देने की मांग की है। सरसकान पंचायत के रौह, कुसरी और सापड़ी गांव भी भारी भूस्खलन के कारण खतरे में आ गए हैं और यहां भी जमीन में बड़ी बड़ी दरारें पड़ गई है। बनाल पंचायत में भी जमीन धंस रही है। भारी बारिश से धर्मपुर क्षेत्र में करोड़ों का नुकसान हुआ है। सरकार को चाहिए कि वह इस नुकसान की भरपाई के लिए उचित कदम उठाए तथा जो लोग घर से बेघर हो गए हैं, उन्हें घर बनाने के लिए आर्थिक सहायता और जमीन उपलब्ध करवाई जाए। धर्मपुर विस क्षेत्र में विकास कार्यों में विराम लग गया है और सरकार इन विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए भी कदम उठाए ताकि जनता को कोई परेशानी न उठानी पड़े ।

Related posts