
धर्मपुर (सोलन)। पानी की भारी किल्लत के बावजूद धर्मपुर मुख्य बाजार में आईपीएच विभाग की लापरवाही के चलते सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ में बह गया। पाइपें लीक होने के कारण पानी बेकार में बहता रहा। यही नहीं विभाग का पानी का स्टोरेज टैंक भी ओवर फ्लो होता रहा। इस कारण लोगों में भारी रोष हैं।
स्थानीय लोगों विकास गर्ग, विनोद राणा, राजपाल, नरेश गुप्ता, सोहन लाल, कमल, देवेन्द्र कुमार, मीना, निशा और कमला दिप्ता का दावा है कि मुख्य बाजार धर्मपुर में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की पाइपें लीक होने से पानी व्यर्थ में बहता रहा। विभाग की तरफ से पानी की पाइपें ठीक न करने से यह समस्या पैदा हुई।
दूसरी तरफ धर्मपुर के कुछ क्षेत्र सुबाथू रोड, सुक्की जोहड़ी, सिहारणी, चमारा में पानी की आपूर्ति पांच दिन बाद मिल रही है। लोगों का आरोप है कि पानी की अनियमित सप्लाई को लेकर भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने विभाग से पानी की लीकेज की समस्या को दुरुस्त करने की मांग की है। उधर, आईपीएच मंडल सोलन के अधिशासी अभियंता हेमंत तनवर ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति और लीकेज की समस्या को विभाग जल्द से ठीक करेगा। पानी की पाइपों को बदला जाएगा, जिससे समस्या पैदा न हो। उन्होंने कहा कि नियमित सप्लाई देने के प्रयास किए जाएंगे।
