
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सोन खड्ड व भ्रैंड नाला के मुहाने पर कई रिहायशी मकान बने हैं। बरसात के दिनों में अगर सोन खड्ड व भ्रैंड नाला रौद्र रूप धारण करते हैं तो धर्मपुर क्षेत्र में तबाही मच सकती है। अगस्त 2004 में भी सोन खड्ड व भ्रैंड नाला में आई बाढ़ से तबाही मची थी।
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बहने वाली सोन खड्ड व भ्रैंड नाला के किनारे बसे लोगों को बरसात के मौसम में हर समय बाढ़ का खतरा बना रहता है। उत्तराखंड व किन्नौर में हुई त्रासदी के बाद लोगों के जहन में सोन खड्ड व भ्रैंड नाला का खौफ उत्पन्न होने लगा है।
अगस्त 2004 में धर्मपुर क्षेत्र में बहने वाली सोन खड्ड में आई बाढ़ के कारण लोगों के घरों व दुकानों में पानी घुसने से लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। एक ट्रक भी इस बहाव में बह गया था। पुलिस चौकी जो पहले किराये के भवन में चली हुई थी, में पानी आने से रात को पुलिस कर्मियों ने पिछले दरवाजे से भागकर जान बचाई थी। साथ ही लोगों को अपने घर छोड़ना पड़े थे। इसके बाद भी नालों व खड्डों के किनारे रिहायशी मकानों का निर्माण हो रहा है। सोन खड्ड में दिन-रात हो रहे अवैध खनन से भी खड्ड का बहाव बदलता जा रहा है जो आने वाले समय में तबाही का कारण बन सकता है। कुछ समय पहले ही भारी बारिश से भ्रैंड नाला उफान पर होने से धर्मपुर बाजार में कई दुकानों में पानी घुस गया था।
विधायक ठाकुर महेंद्र सिंह का कहना है कि उन्होंने बाढ़ की संभावना को देखते हुए कलस्वाई से लेकर धर्मपुर बाजार तक सोन खड्ड के किनारे क्रेट वाल लगाने के लिए केंद्र सरकार से साढ़े छह करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए। इसका काम शुरू कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नदी, खड्डों व नालों के किनारे मकान बनाने से परहेज करें।
