धर्मपुर ब्लॉक कांग्रेस में फिर नया बखेड़ा

धर्मपुर (मंडी)। लोकसभा चुनाव से पहले धर्मपुर कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाश चंद ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को त्याग पत्र भेजा है। इसमें कार्यकर्ताओं की अनदेखी के कारण अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही।
धर्मपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के बाद अब उपाध्यक्ष के इस्तीफे से यहां बखेड़ा खड़ा हो गया है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और जिलाध्यक्ष पूर्ण चंद को त्यागपत्र भेजा है। ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रकाश चंद ने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे त्यागपत्र में कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है और पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। ऐसे लोगों को महत्व दिया जा रहा है जिन्होंने पार्टी के लिए कोई कार्य नहीं किया। इससे आहत होकर वे अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद कार्यकर्ताओं के कोई कार्य नहीं हो रहे है। इससे कार्यकर्ता मायूस हैं। कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं लेकिन अनदेखी के कारण उन्हें अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ रहा है। कहा कि आज दिन तक कांग्रेस की जो भी बैठकें हुई उन्हें कोई सूचना नहीं दी जाती। लोस चुनाव के मद्देनजर यह पार्टी के लिए शुभ संकेत नहीं है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि धर्मपुर कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रकाशचंद के त्यागपत्र के बारे में जानकारी नहीं। उन्हें अभी तक कोई त्यागपत्र नहीं मिला है।

Related posts