धर्मपुर कॉलेज में मारपीट मामले में क्रॉस एफआईआर

धर्मपुर (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में मंगलवार को एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट मामले में धर्मपुर पुलिस चौकी में क्रॉस रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मंगलवार को बैज लगाने को लेकर दोनोें छात्र संगठनों के बीच हुई मारपीट में एबीवीपी की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। वहीं, एनएसयूआई ने भी एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई है। बुधवार को भी महाविद्यालय में माहौल तनावपूर्ण रहा और दोनों छात्र संगठनों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज में पुलिस की गश्त बढ़ा दी है। मामले की जांच के लिए सरकाघाट थाना से एएसआई नरेश कुमार ने महाविद्यालय में जाकर पूरी स्थिति का जायजा लिया और दोनों दलाें के नेताओं के बयान दर्ज किए। धर्मपुर महाविद्यालय में एनएसयूआई और एबीवीपी में मुख्य मुकाबला है और दोनों ही दल इस चुनाव को जीतना चाहते हैं। एबीवीपी यहां छक्का मारने की फिराक में है, वहीं एनएसयूआई इस जीत के सिलसिले को रोकने की हरसंभव कोशिश कर रही है। पुलिस चौकी धर्मपुर के प्रभारी मुंशी राम ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सरकाघाट थाना से एएसआई नरेश कुमार ने मौके पर पहुंच कर मारपीट मामले की छानबीन की है।

Related posts