
धर्मपुर (मंडी)। विश्वविद्यालय की ओर से छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना जारी करने के साथ ही कालेजों में छात्र राजनीति तेज हो गई है। चुनाव मैदान में दमदार प्रत्याशी उतारने के लिए छात्र संगठन रणनीति बनाने में जुट गए हैं। अभी तक किसी भी छात्र संगठन ने अपना पैनल घोषित नहीं किया है। राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में छात्र संघ चुनाव में भगवा ब्रिगेड का दबदबा रहा है। पांच साल से लगातार इस कालेज में पैनल पर एबीवीपी का कब्जा है। जबकि, एनएसयूआई ने कालेज खुलने पर पहली बार जीत का परचम फहराया था। एसएफआई को एक बार भी जीत नहीं मिली है। धर्मपुर कालेज में एबीवीपी इस बार सिक्सर लगाने की तैयारी में है। वहीं, एनएसयूआई और एसएफआई भगवा की जीत को रोकने के साथ ही पैनल पर कब्जा करने के लिए मशक्कत कर रही हैं। 17 अगस्त को होने वाले छात्र संघ चुनाव के लिए सभी छात्र संगठनों ने पैनल पर दमदार प्रत्याशी को उतारने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। चुनाव के लिए कम समय होने के कारण नए छात्र-छात्राओं का समर्थन जुटाने के लिए संगठन भरसक प्रयास कर रहे हैं। इस बार मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है। एबीवीपी के कैंपस अध्यक्ष जय किशन का कहना है कि धर्मपुर कालेज में इस बार भी एबीवीपी जीत हासिल कर सिक्सर लगाएगी। छात्रों का एबीवीपी को पूरा समर्थन मिल रहा है। उधर, एनएसयूआई के प्रदेश प्रवक्ता अर्जुन का कहना है कि छात्र-छात्राओं के समर्थन से इस बार एनएसयूआई पूरे पैनल पर अपना परचम फहराएगी।
