धरे रह गए बिजली बोर्ड के इंतजाम

शिमला। राजधानी में सीजन के पहले ही हिमपात ने बिजली बोर्ड के इंतजामों की पोल खोल दी है। रविवार और सोमवार को मुख्य शहर सहित सभी उपनगरों में सुबह से शाम तक अघोषित विद्युत कट लगने का सिलसिला जारी रहा। कड़ाके की ठंड में बिजली गुल होने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
मालरोड, लोअर बाजार, रामबाजार, गंज बाजार, लक्कड़ बाजार, कैथू, भराड़ी, रुलदूभट्टा, जाखू, टुटू, बालूगंज, कलस्टन, अनाडेल, टुटीकंडी, फागली, कनलोग, हिमलैंड में लोगों को सोमवार को भी अघोषित विद्युत कट का सामना करना पड़ा। सुबह करीब आठ बजे से कट लगने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। बाजार में हर दस मिनट में बिजली आने-जाने का दौर चला। इसी तरह शहर के अन्य उपनगरों में भी बिजली की आंखमिचौनी के चलते स्थानीय लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। बिजली बोर्ड ने बर्फबारी के दौरान बिजली की सप्लाई को सुचारु रखने के लिए बीते दिनों मरम्मत का काम किया था। इसके लिए क्षेत्रवार शहर में एक-एक दिन बिजली बंद रखकर तारों की मरम्मत की थी। लेकिन शनिवार रात को हुई बर्फबारी से बिजली के तार टूट गए, जिसका खामियाजा शहर की जनता को अघोषित विद्युत कट के रूप में भुगतना पड़ा। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता सिटी विशेषवर शर्मा ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में फाल्ट आए थे। बोर्ड कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए समस्या को दोपहर तक दुरुस्त कर लोगों को सुचारु सप्लाई मुहैया करवा दी। लोड बढ़ने से भी यह दिक्कत आई है।

Related posts