
अल्मोड़ा। स्कूलों में व्यायाम शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति देने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर बीपीएड-एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने कलक्ट्रेट प्रांगण में 32वें दिन भी धरना दिया। प्रशिक्षितों ने सरकार पर आंदोलन की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन को एक माह से अधिक समय हो गया है, लेकिन सरकार नियुक्ति देने के मामले में उदासीन बनी हुई है। कई बार मुख्यमंत्री, शासन के उच्चाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, परंतु जिम्मेदार लोग कोई पहल नहीं कर रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षितों से छह नवंबर को देहरादून में प्रस्तावित जन चेतना रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
धरने पर संगठन के अध्यक्ष अनिल कपूर, गणेश फर्त्याल, अमित टम्टा, मुकुल सार्की, पुष्पा टाकुली, राजेंद्र सिंह रौतेला, मीनाक्षी भाकुनी, चंद्रशेखर, हरीश सिंह भोज, लक्की वर्मा, हंसी, तारा बिष्ट, मनीष जीना, कुंदन बिष्ट, भुवन मेहता, शरद मेहता आदि ने भाग लिया।
