द्वाली में फंसे लोगों के संपर्क में रेस्क्यू टीम, सभी सुरक्षित

बागेश्वर। ग्लेशियर मार्गों पर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए सेना और प्रशासन का बचाव अभियान जारी है। सेना का एक बचाव दल विधायक ललित फर्स्वाण के साथ आज दवा और खाद्य सामग्री लेकर हेलीकाप्टर से फुरकिया पहुंचा। यह दल द्वाली क्षेत्र में फंसे साठ यात्रियों और छात्रों को वापस लाएगा। दूसरा दल कठेलिया पहुुंच गया है।
वायुसेना के हेलीकाप्टर से सेना का बचाव दल राहत सामग्री लेकर पिंडारी ग्लेशियर रूट पर द्वाली के लिए चला। इस दल में विधायक ललित फर्स्वाण भी हैं। द्वाली की संकरी घाटी में उतरने का प्रयास विफल होने पर हेलीकाप्टर पांच किमी दूर ऊंचाई पर स्थित फुरकिया गया। यहां राहत सामग्री और रेस्क्यू टीम को छोड़कर लौट आया। रेस्क्यू टीम द्वाली में फंसे लोगों के संपर्क में आ गई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। उधर पैदल जा रही प्रशासन और सेना की दूसरी रेस्क्यू टीमों ने द्वाली के लिए रास्ता खोल दिया है। एक टीम मलियाधौड़ में लंबे दलदल के कारण वापस खाती लौट रही हैं। एक अन्य पैदल टीम दिल्ली के यात्रियों को लेने आज कठेलिया पहुंच गई है। अपर जिलाधिकारी यूएस राणा ने बताया कि यह टीम कठेलिया में फंसे 15 लोगों को लेकर जैतोली के रास्ते बाछम होते हुए नीचे उतरेगी। कल शाम तक इस दल के लौट आने की उम्मीद है। उधर द्वाली की पिंडर घाटी में फंसे लोगों के वहां से आगे को निकल आने की खबर है। प्रशासन के अनुसार सेना के हेलीकाप्टर से इस दल की सही लोकेशन मालूम नहीं हो सकी। अधिकारियों ने बताया कि सेना का बचाव दल फुरकिया में कैंप करेगा। वहां से बचाव का सुगम मार्ग तलाशकर आगे की कार्रवाई करेगा। यह कार्रवाई कल शनिवार तक शुरू हो सकती है। यात्रियों के लिए अब खाद्य सामग्री का अभाव नहीं है। वायु सेना का एक हेलीकाप्टर यहंा उपलब्ध है। आवश्यकता पड़ी तो रेस्क्यू में इसकी मदद ली जाएगी।

Related posts