
पधर (मंडी)। शिक्षा खंड चौंतड़ा प्रथम की अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय वमापा द्रुब्बल में शुरू हो गई है। प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत्त कर्नल जीएस साही ने किया। प्रतियोगिता में बाइस स्कूलों के 303 खिलाड़ी छात्र हिस्सा ले रहे हैं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कर्नल शाही ने कहा कि खेलें विद्यार्थी जीवन में अभिन्न अंग हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में बढ़ चढ़ कर भाग लेना चाहिए। सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हर साल विशेष बजट का प्रावधान कर रही है। वहीं, खिलाड़ियों को नौकरी में भी आरक्षण का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करें। उन्होंने प्रतियोगिता के संचालन के लिए अपनी ओर से तीन हजार रुपये की नकद राशि भी स्कूल प्रबंधन को भेंट की है। इससे पहले स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सतपाल सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
