दो हजार रुपये की रिश्वत लेते धरा पटवारी

हमीरपुर। उपमंडल नादौन के अंतर्गत पटवार सर्कल कोटलू के पटवारी को रिश्वत लेते विजिलेंस की टीम ने मौके पर दबोचा। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रामरथ कपिल पुत्र शक्ति चंद निवासी कोटलू डाकघर ऊटप ने शिकायत की थी कि उसकी माता ने करीब 30 वर्ष पहले गांव में शिव मंदिर बनवाया था। शिव मंदिर के आसपास की भूमि पर कुछेक लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे थे। रामरथ कपिल ने संबंधित पटवारी को कई बार अवैध कब्जे हटाने की मांग की और इसके लिए पटवारी जमालद्दीन पुत्र रूकमणद्दीन निवासी वेहा को शिकायत पत्र भी दिया लेकिन जमालद्दीन ने कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई। अंत में जमालद्दीन ने अवैध कब्जों को हटवाने के लिए दो हजार रुपये की मांग की। इसकी भनक सीआईडी की टीम को लग गई।
सीआईडी ने विजिलेंस विभाग को सूचना दी और विजिलेंस की टीम ने पटवार सर्कल गाहलियां के पटवार घर में आरोपी पटवारी जमालद्दीन को रंगे हाथों दो हजार रुपये की रिश्वत लेते धरा। रामरथ कपिल को पैसे लेकर पहले कोटलू पटवार सर्कल कार्यालय में बुलाया था। उसके न पहुंचने पर उसे गाहलियां पटवार सर्कल में बुलाया। आरोपी को सतर्कता विभाग ने मौके पर दबोच लिया है।
उधर, डीएसपी विजिलेंस विभाग हमीरपुर, बलवीर सिंह ठाकुर का कहना है कि आरोपी पटवारी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई। बताया कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है।

Related posts