
पालमपुर (कांगड़ा)। केसीसी बैंक की मुख्य शाखा पालमपुर में एक जाली ड्राफ्ट का मामला पकड़ा गया है। दो हजार के ड्राफ्ट को लाखों का बना दिया गया, लेकिन शाखा प्रबंधक की होशियारी ने इस हेराफेरी को समय रहते पकड़ लिया गया है। हालांकि इस बारे में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। बैंक अभी अपने स्तर पर एसबीआई से मिलकर छानबीन करने में जुटा है।
जानकारी के अनुसार केसीसी बैंक पालमपुर में एसबीआई शाखा पालमपुर से एक ड्राफ्ट क्लीयरेंस के लिए भेजा गया तो इस ड्राफ्ट को देख शाखा प्रबंधक को कुछ शक हुआ। यह ड्राफ्ट प्रदेश सहकारी बैंक नाहन में बनाया गया था तथा इसका भुगतान केसीसी बैंक पालमपुर में होना था। जिस व्यक्ति के नाम यह ड्राफ्ट बनाया गया था, उसने इसे भुगतान के लिए अपने बैंक अकाउंट में डाला। इसके बाद यह ड्राफ्ट एसबीआई मुख्य शाखा पालमपुर पहुंचा। जिसे बैंक ने वहां से क्लीयरेंस के लिए केसीसी बैंक पालमपुर को भेज दिया। जब यह ड्राफ्ट केसीसी शाखा में पहुंचा तो इस ड्राफ्ट में छह लाख 90 हजार रुपये का भुगतान लिखा गया था। इस पर बैंक प्रबंधक को कुछ शक हो गया। उन्होंने जहां से यह ड्राफ्ट बना था, वहां से जानकारी ली तो बैंक प्रबंधक के भी होश उड़ गए। पता चला कि यह ड्राफ्ट दो हजार रुपये का बना है। इसे बाद में छेड़छाड़ कर छह लाख 90 हजार रुपये का बना दिया गया था। केसीसी बैंक के प्रबंधक सुरेंद्र मोहन का कहना है कि इस बारे में एसबीआई से कुछ रिकार्ड मांगा गया है। जल्द छानबीन कर पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया जाएगा। उधर, एसबीआई के प्रबंधक प्यार चंद ने कहा कि बैंक छानबीन में जुटा है। इसकी पूरी जांच की जा रही है।
