
अल्मोड़ा। कलक्ट्रेट में हुए एक कार्यक्रम में दो सैनिकों को वीरता पुरस्कार (सेना मेडल) के चेक प्रदान किए गए। अपर जिला अधिकारी प्रशांत कुमार आर्या ने आठ ग्रेनेडियर रेजीमेंट के कैप्टन मोहित तिवारी को 5,72000 रुपये और 17 कुमाऊं रेजीमेंट के सिपाही भूपाल सिंह रावत को 5,48000 रुपये राशि के चेक प्रदान किए।
कैप्टन मोहित तिवारी ने कुपवाड़ा (जम्मू-कश्मीर) में साहस का परिचय देते हुए दो आतंकवादियों को ढेर किया था। सिपाही भूपाल सिंह रावत ने गुरज सेक्टर में घुसपैठ के दौरान अपनी सूझबूझ से एक आतंकवादी को मौके पर ही मार गिराया था। बुधवार को कलक्ट्रेट में हुए कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान दिया गया। साहसिक कार्य के लिए दोनों सैनिकों को राष्ट्रपति ने हाल ही में सेना मेडल से सम्मानित किया था। इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अवकाश प्राप्त कर्नल आरपी जोशी, सहायक अधिकारी बीएस नयाल, प्रशासनिक अधिकारी पीसी मासीवाल, राजेंद्र सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह मेहरा आदि मौजूद थे।
