दो साल से सड़क पर बह रहा सीवर का पानी

नरेंद्रनगर (टिहरी)। नगर क्षेत्र में श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय से गुजर रही सीवर लाइन का पानी दो साल से सड़क पर बह रहा है। परेशानी से जूझ रहे स्थानीय लोग पालिका प्रशासन से कई बार लाइन की मरम्मत करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे सड़क पर पड़ रहे गढ्ढे भी परेशानियों के सबब बन रहे हैं। नगर वासियों ने सीवर की मरम्मत न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
अस्पताल गेट के सामने से तहसील आवासीय कालोनी की सीवर लाइन जा रही है, जो दो साल से खुले में बह रही है। लाइन की मरम्मत नहीं होने से सड़क पर गड्ढे बढ़ते जा रहे हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोग बदबू से परेशान हैं। वाहन चलने पर कई बार गंदा पानी राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। स्थानीय निवासी मंगल सिंह गुसाईं, राजू भारती और सूरज नेगी ने बताया कि लाइन की मरम्मत करने के लिए दो साल से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सीवर लाइन की मरम्मत का प्रस्ताव भेजा गया है। धनराशि मिलने पर ही लाइन की मरम्मत की जा सकेगी।
-दुर्गा राणा, पालिकाध्यक्ष नरेंद्रनगर।

सीवर लाइन के कारण सड़क खराब हो रही है, इसके लिए पालिका को नोटिस भेजा जाएगा।
– आशुतोष भंडारी, ईई लोनिवि नरेंद्रनगर।

Related posts