दो सप्ताह में एक लाख 24 हजार जुर्माना वसूला

पांवटा साहिब (सिरमौर)। डीएसपी पांवटा के नेतृत्व में स्थानीय पुुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ मोर्चा खोला है। शुरुआती दौर में अभियान को सफलता भी मिली है। दो सप्ताह के भीतर पुलिस ने छापेमारी के दौरान अवैध खनन करने वालों से 1.24 लाख राशि जुर्माना वसूली है। इस अभियान के बाद अवैध खनन माफिया के संपर्क सूत्र भी काफी चौकन्ने हो गए हैं।
25 मार्च को डीएसपी पांवटा की टीम ने सबसे पहले तड़के यमुना नदी क्षेत्र में दबिश दी। इस बीच मौके पर टीम आती देख अवैध खनन वाहन उत्तराखंड की तरफ भाग खड़े हुए थे। पीछा कर टीम ने 8 खाली ट्रैक्टरों को संदिग्ध अवैध खनन स्थल पर दबोचे। इनके संचालकों से 8 हजार जुर्माना राशि वसूली गई। इसके बाद 4 अप्रैल को गुप्त सूचना मिलने पर धौलाकुआं के सुंकर नदी को देर शाम दबिश दी। मौके पर अवैध खनन करती जेसीबी मशीन, लीलेंड ट्रक व ट्रैक्टर पकड़े गए। इन वाहनों के संचालकों से पुलिस टीम ने 55 हजार जुर्माना वसूला।
इसके बाद शुक्रवार देर रात को डीएसपी पांवटा नरवीर सिंग राठौर व मुख्य आरक्षी तेजेंद्र की टीम ने सूचना मिलते ही टोकियों में नाकाबंदी कर दी। इस दौरान अवैध खनन करते दो जेसीबी व टिप्पर ट्रक मौके पर पकड़े गए। इनके मालिकों को 65000 रुपए जुर्माना किया गया। पिछले दो सप्ताह में अवैध खनन पर बढ़ते शिकंजे से खनन माफिया खौफजदा है।
पांवटा क्षेत्र की यमुना, गिरिनदी, सुंकर, टौंस व बाता नदी समेत दर्जनों नदी नालों से अवैध खनन हो रहा है। इसलिए पांवटा पुलिस टीम ने अवैध खनन के खिलाफ मुहिम शुरू कर दी है। अवैध खनन के संदिग्ध स्थलों से सूचना मिलते ही दबिश दी जा रही है।
उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अब तक करीब सवा लाख जुर्माना किया जा चुका है। इनमें अवैध खनन में लगे जेसीबी, ट्रक व ट्रैक्टर शामिल हैं।

Related posts