दो सगी बहनों की घर के निकट स्थित सिंचाई टैंक में डूबकर मौत

भतराैंजखान। तल्ला सल्ट के जाखगांव में दो सगी बहनों की घर के निकट स्थित सिंचाई टैंक में डूबकर मौत हो गई। दो बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारियों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तल्ला सल्ट जाखगांव निवासी उदे सिंह भाकुनी की चौथी कक्षा में पढ़ने वाली पूजा (09) और दूसरी में पढ़ने वाली रेनू (07) बुधवार को घर के पास ही खेतों में खेलने गई थीं। उस समय वहां पर कोई और नहीं था। दिन में खाने के वक्त तक दोनों बच्चियां घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उनकी तलाश की। दोनों बहनें घर के पास ही बने करीब छह फीट गहरे सिंचाई टैंक में डूबी मिलीं। परिजनों ने ग्रामीणों की सहायता से उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार भुवन चंद्र कांडपाल, नायब तहसीलदार मोहन सिंह नेगी, राजस्व उप निरीक्षक उमेश शर्मा, हंसादत्त सत्यवली मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लोगों ने बताया कि प्रात: करीब 11 बजे क्षेत्र में अचानक बारिश हुई। इस बीच घर की तरफ भागने के दौरान संभवत: पैर फिसल जाने से वह टैंक में डूब गई होंगी। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले एक बहन डूबी होगी और उसे बचाने में दूसरी भी चपेट में आ गई होगी।

Related posts