दो विषयों में फेल छात्रों को बड़ी राहत

शिमला। प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को पास होने के लिए दो अंतिम विशेष अवसर दिए जाएंगे। बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम में असफल रहे छात्र-छात्राओं को पिछली कक्षा मेें प्रवेश नहीं लेना होगा। उन्हें फेल हुए दो विषयों को पास करने के दो मौके दिए गए हैं। कंपार्टमेंट की परीक्षाओं के साथ ऐसे छात्र अपनी परीक्षाएं दे सकेंगे। वे सितंबर 2013 और मार्च 2014 में परीक्षाएं दे सकेंगे। प्रदेश विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. नरेंद्र अवस्थी ने कहा कि नया सेमेस्टर सिस्टम शुरू होने से पुराने सिस्टम के छात्र-छात्राओं को परेशानी न हो, इसलिए पहली बार यह व्यवस्था लागू की गई है। इन सभी छात्र-छात्राओं को परीक्षा शुल्क के अलावा एक हजार रुपये अतिरिक्त शुल्क जमा करवाना होगा। इससे विवि से इस बार ही प्रथम वर्ष में फेल हुए लगभग 25 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे।
नया सेमेस्टर सिस्टम लागू होने के बाद पिछले साल फेल हुए छात्रों को नए सिस्टम में प्रवेश लेना पड़ रहा था। लंबे समय से इस मसले पर काम चल रहा था। उच्च शिक्षा विभाग ने भी विवि प्रशासन को इसे लागू करने की सलाह दी थी। अब विवि प्रशासन ने इस मसले पर अंतिम फैसला करते हुए परीक्षा शाखा को निर्देश जारी कर दिए हैं। मार्च में भी जो छात्र परीक्षा पास नहीं कर सकेंगे, उन्हें नए सिस्टम में प्रथम वर्ष में प्रवेश लेना होगा। इन छात्र-छात्राओं को परीक्षा का लाभ लेने के लिए 10 सितंबर तक परीक्षा फार्म निर्धारित शुल्क सहित जमा करवाने होंगे। इसके लिए एक हजार रुपये का अतिरिक्त परीक्षा शुल्क जमा करवाना होगा।

Related posts