
सांगला (किन्नौर)।जनजातीय जिला किन्नौर के निचार खंड में युला पंचायत के बाशिंदे 5 माह से बस सुविधा से वंचित है। लोगों का कहना है कि परिवहन निगम और लोक निर्माण विभाग की आपसी खींचतान का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इस कारण ग्राम पंचायत युला के तहत आने वाले गांव बरबरंग, काखयो चूलचोंदन, देशंगों और सुलीयंदो की करीब 700 से अधिक आबादी परेशान हो रही है। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं को हर रोज पांच किलोमीटर के दूरी पैदल तय कर स्कूल जाना पड़ रहा है। हालांकि ग्रामीणों ने कई बार पथ परिवहन निगम और लोक निर्माण विभाग को बस की समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक दोनों महकमों के अधिकारी गंभीर नहीं हैं। युला पंचायत के प्रधान सुशील नेगी, उपप्रधान शमशेर नेगी सहित अन्य ग्रामीण दिवान सिंह नेगी, रविंद्र नेगी, शरभ नेगी, अरुण नेगी, प्रदीप नेगी, विनय नेगी, जय प्रकाश नेगी, दिनेश नेगी, बलविंद्र नेगी, अशोक कुमार, नेगी राम, लच्छ नेगी और राजेश नेगी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि समय के रहते सड़क मार्ग पर परिवहन निगम की बस सेवा सुचारु की जाए।
बाक्स
क्या कहना है परिवहन निगम का
इस बारे में पथ परिवहन निगम रिंकांगपिओ में तैनात आरएम डीएस रघु का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की ओर से अभी तक फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिला है । फिटनेस मिलते ही बस सेवा बहाल कर दिया जाएगा।
तंग मार्ग को खोल दिया है
वहीं, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन भावानगर हंस राज भारद्वाज का कहना है कि यह सड़क मार्ग तंग हो गया था जिसे विभाग ने खोल दिया है। उनका कहना है कि विभाग की ओर से बार -बार फिटनेस पथ परिवहन निगम को देना जरूरी नहीं है।
