
लंज (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत तरखानगढ़ में ट्रैक्टर पलटने से हादसे में दो स्थानीय युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मनरेगा के तहत कार्य के चलते पंचायत तरखानगढ़ में शाम 4:45 बजे के करीब रोड पर से ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। 7 मजदूर इसके नीचे आ गए। स्थानीय निवासी संजीव कुमार (25) पुत्र बिहारी लाल, रणजीत कुमार (19) पुत्र जोगिंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सभी लोग तरखानगढ़ के रहने वाले हैं। पांच अन्य गंभीर रूप से घायलों को स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से टांडा अस्पताल में उपचार के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार तरखानगढ़ पंचायत में चल रहे मनरेगा के कार्य से मजदूर गज खड्ड से बजरी से भरे ट्रैक्टर में वापस तरखानकढ़ आ रहे थे। इसमें करीब 13 लोग सवार थे। तभी अचानक टायर फिसलने के कारण ट्रैक्टर पलट गया। घायलों में धीर सिंह, पूर्ण चंद, ईश्वर दास, सविता कुमारी और मंजू बाला को टांडा में उपचार के लिए भेज दिया गया है। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे योल चौकी से हेड कांस्टेबल ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। उधर, लोगों में रोष है कि 4:45 पर हादसा हुआ जबकि पुलिस छह बजे के करीब पहुंची। मौके पर पहुंचे हेडकांस्टेबल पवन कुमार ने बताया कि हादसे के बारे में जब मालूम हुआ तो मौके पर गाड़ी का प्रावधान नहीं था इसलिए थोड़ी देरी हुई।
स्थानीय पंचायत प्रधान किरण वाला, उप प्रधान जोगिंद्र मेहरा, सुरेंद्र सिंह, कल्पना देवी, नवदीप राणा, अंकुश परमार, विहारी लाल और हरदीप राणा आदि ने प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिवारों को और घायलों को उचित मुआवजा दिया जाए। एसएसपी मोहित चावला ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
