
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत तीसा-दो के मोहाल नेरा में ग्रामीणों को डिपो में राशन नहीं मिल रहा है। यह समस्या पिछले दो महीने से चल रही है। सस्ता राशन न मिलने के कारण ग्रामीण परेशान हैं। नेरा मोहाल के लगभग 70 राशनकार्ड धारक पिछले दो माह से चीनी, दालें और सरसों का तेल न मिलने से आर्थिक परेशानी झेल रहे है। उन्हें दुकानों से महंगे दाम पर राशन खरीदना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी शुक्ररदीन, हुसैना, पीर मोहम्मद, करीब बख्श, अली बट्ट, दीन मोहम्मद, रोशन दीन और मंजूर खान ने बताया कि वे दो माह से डिपो के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन डिपो में चावल व गेंहूं के आलावा कुछ नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि ईद के उपलक्ष्य पर भी उन्हें राशन नहीं मिला था। इस कारण उन्हें दुकान से महंगे दामों पर राशन खरीद कर त्यौहार मनाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि इस बारे में कई बार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक उन्हें दो माह का चीनी, दाल और सरसों का कोटा नहीं दिया गया है। इस कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि नेरा मोहाल के राशनकार्ड धारकों को डिपो में सस्ता राशन उपलब्ध करवाया जाए।
बाक्स
सप्लाई ही नहीं आई
डिपो होल्डर गुलाम रसूल ने बताया कि जो राशन उसके पास उपलब्ध है, उसे राशनकार्ड धारकों को वितरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी, दाल और सरसों तेल की सप्लाई न आने के कारण दिक्कतें पेश आ रही हैं। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अजय कौंडल ने बताया कि जितना कोटा उन्हें मिला था, उसकी सप्लाई डिपुओं में कर दी गई है। ग्रामीणों को जल्द बाकी राशन वितरित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राशन की सप्लाई न आने से दिक्कतें पेश आ रही हैं।
