
कपकोट। तहसील का सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत दुलम के ठांगधार तोक में भूस्खलन के कारण बिजली की लाइन ध्वस्त हो गई है। बिजली के पोल नदी में बह गए हैं। जिस कारण ग्रामीण दो महीने से बगैर बिजली के परेशान हैं। ग्रामीणों ने बिजली लाइन शीघ्र ठीक करने की मांग की है। ग्रामीणों को सोलर लालटेन देने की भी मांग की गई।
पूर्व सैनिक और सामाजिक कार्यकर्ता दीवान सिंह ने बताया कि 15 से 17 जून के बीच हुई भीषण बारिश से भगवाखेत में भारी भूस्खलन हुआ। जिससे बिजली की लाइन ध्वस्त हो गई। दो पोल नदी में बह गए। उन्होंने यह समस्या, तहसील प्रशासन, जिला प्रशासन और बिजली विभाग को कई बार बता दी है, लेकिन आज तक समस्या हल नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मिट्टीतेल की भी किल्लत है। बिजली के अभाव में मोबाइल भी ठप पड़े हैं। ग्राम प्रधान सहित ग्रामीणों ने शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। बिजली लाइन ठीक होने तक 40 परिवारों को सोलर लालटेन देने की मांग भी की । इधर बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भूस्खलन से तीस जुलाई को पोल बह गए थे। उसके बाद सिंगल पोल लगाया गया। वह भी बह गया। अभी पोल लगाने का कार्य चल रहा है। एक-दो दिन में बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
