दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं एक ही दिन, प्रतिभागी दुविधा में

कुल्लू/सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर तथा मेडिकल कॉलेज पुडुचेरी में प्रवेश परीक्षा एक ही दिन होने से प्रतिभागी मुश्किल में फंस गए हैं। दोनों परीक्षाओं में निर्धारित योग्यता रखने और आवेदन करने वाले परीक्षार्थी पशोपेश में हैं कि वे कौन सी परीक्षा में अपीयर हों। आठ जून को कृषि विद्यालय की बीवीएससी, बीएससी की प्रवेश परीक्षा के साथ पांडिचेरी के मेडिकल कालेज में एमबीबीएस की परीक्षा भी होगी। ऐसे में इन परीक्षाओं में भाग लेने वाले हिमाचल के प्रतिभागियों को किसी एक परीक्षा में अनुपस्थित होना पड़ेगा। लाहौल-स्पीति जिले के अभ्यर्थी सावन कुमार, अक्षय कुमार के अलावा राम कुमार, राजेश, रजनीश, दीपक, संजू, रजनी तथा दीपा ने बताया कि दोनाें ही महत्वपूर्ण परीक्षाओं के एक साथ होने से वे परेशान हैं। इन्होंने दोनों प्रवेश परीक्षाओं में अप्लाई किया है। उधर, सुंदरनगर से छात्र योगेश वर्मा, कुलदीप चौधरी, सुनीता ठाकुर, गौरव टंडन और परस राम ने बताया एक दिन दो परीक्षाएं आने से वह दुविधा में है। अभ्यर्थियों ने कृषि विश्व विद्यालय पालमपुर को पत्र भेज कर आठ जून को होने वाली बीवीएससी, बीएससी प्रवेश परीक्षा तिथि बदलने की मांग की है। प्रतिभागी सावन कुमार के पिता सतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में प्रदेश कृषि विश्व विद्यालय पालमपुर के असिस्टेंट रजिस्ट्रार को पत्र भेजकर प्रवेश परीक्षा की तिथि बदलने की मांग की है।

Related posts