
बनबसा। नेपाल पुलिस ने यात्रियों से लूटपाट के आरोप में दो भारतीय तांगा चालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
गत दिवस मीना बाजार (बनबसा) निवासी तांगा चालक मो. लईक और शंकर गिरि को महेंद्रनगर में लूटपाट किए जाने के जुर्म में नेपाल पुलिस ने दबोच जेल भेजा है। आए दिन भारतीय तांगा चालकों पर नेपाली सवारियों से लूट करने की शिकायतें मिलती रहती हैं। पांच दिन पूर्व भारतीय तांगा चालकों पर लूटपाट किए जाने की सूचना के बाद नेपाल पुलिस सतर्क हो गई। उन्होंने सादी वर्दी में तांगा चालकों की हरकतों पर नजर रखनी शुरू की। नेपाल पुलिस के डीएसपी बिर्ख बहादुर ने बताया कि उक्त दोनों तांगा चालक सवारियों से अभद्रता करते हुए 1500 रुपये प्रति सवारी वसूल रहे थे। गौरतलब है कि एक पखवाड़े पूर्व यहां हुई भारत-नेपाल अधिकारियों की बैठक में भी नेपाल प्रशासन ने भारतीय तांगा चालकों पर नेपाली सवारियों से अभद्रता और लूटपाट किए जाने की शिकायत भारतीय प्रशासन से की थी।
