
लडभड़ोल (मंडी)। जटेहड़ गांव में दो भाइयों की रंजिश किरायेदारों पर भारी पड़ गई। छोटे भाई ने किरायेदारों और भाभी की बेरहमी से पिटाई कर डाली। महिला बैजनाथ अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जटेहड़ निवासी जगदीश की अपने भाई राम सिंह के साथ अनबन थी। वीरवार को रंजिश के चलते जगदीश ने राम सिंह की किराये पर दी गई दुकान में फोटोग्राफी की दुकान चला रहे राजेश कुमार और सुदेश कुमार की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं भाभी शकुंतला देवी की भी बेरहमी से पीट डाला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इधर, मामले की छानबीन कर रहे हेड कांस्टेबल मंगत राम ने पुष्टि करते हुए बताया कि घायल सुदेश और राजेश का मेडिकल करवा लिया गया है। गंभीर रूप से घायल शकुंतला देवी बैजनाथ अस्पताल में दाखिल है। उधर, घायल राजेश ने बताया कि इस मारपीट में जगदीश की पत्नी तथा उसका बेटा भी साथ थे।
