दो बार नोटिस देने के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम

गैहरा (चंबा)। ग्राम पंचायत गैहरा के गांव लुहारड़ा में पशु डिस्पेंसरी के भवन का काम लटक गया है। यह काम पिछले छह सालों से लटका हुआ है। इस कारण पशु पालकों को पशुओं का उपचार करने में काफी दिक्कतें पेश आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग की ओर से डिस्पेंसरी भवन का निर्माण कार्य एक ठेकेदार को सौंपा गया है लेकिन ठेकेदार ने इस काम को लटका रखा है। हालांकि विभाग की ओर से दो बार ठेकेदार को नोटिस जारी किए गए लेकिन ठेकेदार की ओर से काम को शुरू नहीं किया गया।
डिस्पेंसरी भवन का निर्माण न होने के कारण मौजूदा समय में यह पशु डिस्पेंसरी निजी भवन में चल रही है। इस कारण पशु पालकों को उचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। पशु पालक राज कुमार, वरिंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, जगदीश चंद, पवन कुमार, जैसी राम, चाकर राम, सुरेश कुमार, चूनी लाल, रविंद्र सिंह, जोगिंद्र सिंह, हरि सिंह, केहर सिंह और रोशन लाल ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि पशु डिस्पेंसरी का काम जल्द शुरू करवाया जाए। इसके लिए ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजकुमार ने बताया कि दो बार ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया है। ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts