
रिवालसर (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के पटड़ीघाट पंचायत के आंवलागलू गांव से दो बच्चाें की मां अपने प्रेमी संग भाग गई है। महिला अपनी दो वर्षीय बच्ची को भी अपने साथ ले गई है। महिला मायके जाने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन बीच रास्ते से प्रेमी संग फरार हो गई। महिला के एक बेटा भी है जो उसने घर पर ही पति के पास छोड़ दिया है। पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आंवला गलू निवासी दौलत राम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 16 अगस्त को उसकी पत्नी मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। शाम को जब मायके फोन किया तो पता चला कि महिला वहां पहुंची ही नहीं है। इसके बाद किसी तरह जब महिला के फोन पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह अब दोबारा घर वापस नहीं आएगी। दौलत राम के मुताबिक उसकी पत्नी जिसके साथ भागी है, उसके साथ भी फोन पर बात हुई है। उसने बताया कि महिला उसके साथ दिल्ली में हैं। महिला 2 वर्ष की बच्ची अपने साथ ले गई है, जबकि पांच वर्षीय उसका बेटा घर पर ही है। दौलत राम ने हटली पुलिस चौकी में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस चौकी प्रभारी बलद्वाड़ा जगदीश चंद ने बताया कि शिकायत आई है। शीघ्र ही आरोपियों को दबोचा जाएगा।
