दो परिवारों में खूनी संघर्ष, पांच घायल

टनकपुर। पैसों के लेनदेन को लेकर शहर के वार्ड संख्या तीन में दो परिवारों की बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। वारदात में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
रेलवे कालोनी निवासी हमीद बख्श और वार्ड संख्या तीन निवासी उस्मान के बीच लेनदेन को लेकर पुराना विवाद था। मंगलवार को हमीद बख्श के पुत्र मो. सफी का साला रिश्तेदारी में उस्मान के घर आया था। साले को खाने में बुलाने को मो. सफी और उसकी पत्नी उस्मान के घर पहुंचे तो वहां उस्मान और सफी में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पता चलने पर सफी के पिता, मां और दो भाई भी वहां पहुंचे तो उस्मान के परिजनों ने उन पर लाठी डंडे बरसाने शुरू कर दिए। घटना में मो. सफी के अलावा उसका भाई मो. सलीम, मो. नईम, मां मेहरून निशा, पिता हमीद बख्श घायल हुए हैं। नईम और सलीम को गंभीर चोट आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया है। मो. सफी ने कोतवाली में उस्मान, उसके परिजनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

Related posts