
सुल्तानपुर पट्टी (बाजपुर)। दो दिन पहले दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने बुधवार को फिर तूल पकड़ लिया। बुधवार को दोनों पक्ष फिर भिड़ गए, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना स्थल यूपी-उत्तराखंड सीमा क्षेत्र होने पर दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची। यूपी पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इस पर आक्रोशित एक पक्ष ने समर्थकों के साथ पुलिस चौकी के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। स्थानीय पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया तो वहां भगदड़ मच गई। आनन-फानन में स्थानीय व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें बंद कर दी, जिससे माहौल ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखीं झड़प हुई। हाईवे पर करीब सवा घंटे तक जाम रहा, जिससे यातायात कई घंटे के लिए प्रभावित हो गया। पुलिस पांच लोगों को जाम लगाने के आरोप में हिरासत में ले लिया।
बता दें कि नगर के गांधीनगर निवासी मोहम्मद नकी और यूपी क्षेत्र निवासी खलील पहलवान के पुत्रों के बीच कुश्ती को लेकर मंगलवार को विवाद हो गया था। इसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे और चाकू चले, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गये। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी में तहरीरें दी थी। समझौते के प्रयास भी चले। बुधवार मोहम्मद नकी और खलील के पक्ष के लोगों का एक डेरी पर आमना सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच फिर जमकर लाठी डंडे और सरिये चले। इसी दौरान एक युवक खलील अहमद पहलवान के घर की तरफ आ गया। जहां जमकर मारपीट हो गई। घटना मेें चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची यूपी पुलिस आशिफ, राशिद, रहीस को पकड़कर ले गई। इससे आक्रोशित मोहम्मद नकी पक्ष ने समर्थकों के साथ पुलिस चौकी के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। खबर मिलते कोतवाल डीआर आर्य, एसएसआई एनबी भट्ट मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया। घटना के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष जुम्मा भारती के नेतृत्व में संभ्रात लोग कोतवाल आर्य से मिले। जिस पर कोतवाल ने हिरासत में लिए पांचों लोगाें को उनके सुपुर्द कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना क्षेत्र यूपी का है खलील अहमद पहलवान का मकान भी यूपी क्षेत्र में है उसने रामपुर के स्वार कोतवाली में तहरीर दी है।
