दो दिन से घर से लापता व्यक्ति मृत मिला

रामपुर बुशहर। दो दिन से अपने घर से लापता एक व्यक्ति मृत मिला। ग्रामीणों ने व्यक्ति को खाई में पड़ा हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं, मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किन्नू पंचायत के भगावट गांव का मंगतराम पुत्र जवाहर लाल दो दिन से घर से लापता था। हालांकि, परिजनों ने पुलिस में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी कि हो सकता है वह किसी रिश्तेदार के घर गया हो। लेकिन, जब वह रिश्तेदार के घर में भी नहीं मिला तो भगावट गांव के लोग और मंगतराम के परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। ऐसे में खुड़ी गांव के पास मंगतराम का मोबाइल मिला, जिसकी जानकारी ग्रामीणों ने अन्य को दी। इस जगह पर मंगतराम का कुछ सामान भी मिला। जब ग्रामीणों ने खाई में उतर कर देखा तो मंगतराम खाई में अचेत हालत में मिला। जब ग्रामीणों ने उसे हिलाकर देखा तो मंगतराम मर चुका था। लोगों ने इस बात की सूचना झाकड़ी थाने को दी। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी मंगतराम ने घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल को देखते हुए मामला गिरने का लग रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

Related posts