दो दिन में काटे 90 चालान, 10 हजार जुर्माना वसूला

चंबा। ट्रैफिक पुलिस ने मनचले वाहन चालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने विशेष अभियान के तहत पिछले दो दिन में लगभग 90 चालान काटे हैं और 10 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया है। इसके अलावा अधिकांश वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जहां बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के चालान काटे जा रहे हैं, वहीं ओवर स्पीड, प्रेशर हार्न और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के भी चालान काटे जा रहे हैं। ओवर स्पीड को परखने के लिए ट्रैफिक पुलिस डोकला रडार यंत्र व एल्को सेंसर की मदद से नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को पकड़ रही है। विशेष अभियान के दौरान ओवर स्पीड के 11 और नशे की हालत में वाहन चलाने वाले आठ वाहन चालकों के चालान काटे गए। बुधवार को पुलिस द्वारा कुल 20 वाहन चालकों के चालान किए गए और ईद का त्यौहार होने के कारण दर्जनों वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। उधर, ट्रैफि क इंचार्ज प्रमोद पटियाल ने बताया कि ट्रैफि क नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई वाहन चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाता हुआ पाया गया तो उसका तुरंत चालान कर दिया जाएगा।
इंसेट……….
वाहन नहीं रोका तो घर जाएगा वारंट
अब ट्रैफि क पुलिस के नाके से बचकर निकलने वाले वाहन चालक चालान से नहीं बच पाएंगे। चालकों का नंबर देखकर सीधे घर के लिए वारंट जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने नाके से निकलकर जाने वाले चालकों से अपील की है कि पुलिस कर्मी द्वारा इशारा करने पर वाहन रोक लेें। ऐसा न करने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts