
टनकपुर। आपदा प्रभावित क्षेत्राे का जायजा लेने के बाद दर्जा कैबिनेट मंत्री हेमेश खर्कवाल ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने दो दिन के अंदर प्रभावितों को चिह्नित कर मुआवजे का वितरण करने के निर्देश दिए।
एनएचपीसी गेस्ट हाउस में हुई बैठक में दर्जा मंत्री ने आपदा से हुई क्षति के बारे में जानकारी ली और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए ढिलाई पर कार्रवाई की हिदायत दी। दर्जा मंत्री ने सिंचाई विभाग को शारदा घाट से उचौलीगोठ बूम तक सर्वे कर आपदा के लिहाज से डेंजर स्थानों को चिह्नित करने और शीघ्र बचाव की योजना पर अमल करने को कहा। उन्होंने राजस्व विभाग से दो दिन के अंदर प्रभावित को चिह्नित कर मुआवजा वितरित करने को कहा। बिजली विभाग के अधिकारियों को पूर्णागिरि धाम की क्षतिग्रस्त लाइन को शीघ्र ठीक कर बिजली आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए हैं। दर्जा मंत्री खर्कवाल ने कहा कि आपदा से टनकपुर, बनबसा क्षेत्र में 15 से 20 करोड़ का नुकसान हुआ है। बैठक में डीएम दीपेंद्र चौधरी के अलावा सीडीओ जेके तिवारी, एसडीएम जेएस राठौर, सीओ पीएस पांगती समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा अधिकारी मौजूद थे।
