दो ट्रकों में जोरदार भिड़ंत, ट्रैफिक जाम

बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर मंगलवार सुबह चंपा पार्क के समीप मोड़ पर दो ट्रकों के बीच भिड़ंत हो गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दोनों ट्रकों को नुकसान पहुंचा है। इस वजह से एनएच पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा। लगभग आधा घंटे तक लोग गाड़ियों में फंसे रहे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चंपा पार्क के समीप ही मोड़ पर अचानक आमने-सामने से आ रहे दो ट्रकों में जोरदार टक्कर हो गई। इस वजह से यहां ट्रैफिक जाम लग गया। जाम खुलवाने में पुलिस जवानों को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी। आधा घंटे तक लगे ट्रैफिक जाम के कारण लोग समय पर अपने गंतव्य नहीं पहुंच पाए। जाम में फंसे विवेक, अश्वनी कुमार, दौलत राम, लाल चंद, देवेंद्र सिंह, रोहित महाजन, लाल कृष्ण ने कहा कि ट्रैफिक जाम के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस एक्सीडेंट के कारण लगभग आधा घंटा तक वह जाम में फंसे रहे। इस वजह से उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। डीएसपी सदर प्रताप ठाकुर ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों को भेज जाम खुलवा लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts