दो आरोपी अदालत में पेश

ददाहू (सिरमौर)। थाना कसोगा पंचायत में सरकारी सीमेंट बेचने के मामले को लेकर मंगलवार को तीन में से दो आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। वहीं पंचायत के उप प्रधान के शहर से बाहर होने के कारण उससे कोई भी पूछताछ अमल में नहीं लाई गई। उप प्रधान अपने व्यक्तिगत कार्यों से शहर से बाहर गए हुए हैं। जो बुधवार को लौटेंगे। वहीं पुलिस ने सीमेंट से संबंधित सारे रिकार्ड को जांच के दौरान अपने कब्जे में ले लिया है और ददाहू स्थित सरकारी गोदाम जहां से सीमेंट की आपूर्ति की गई थी वहां से भी बिल एकत्रित कर लिए हैं।
नाहन सदर थाना के एसएचओ लायक राम सिसोदिया ने बताया कि अभी तीन आरोपियों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें मंगलवार शाम को अदालत में पेश किया गया। मुख्य आरोपी पंचायत के उप प्रधान अभी निजी कारणों से बाहर होने के कारण पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। डंडोर गांव में जिस टैंक के निर्माण के लिए यह सीमेंट निकाला गया था, वहां के लिए 120 बैग की आपूर्ति की गई थी। हालांकि निर्माण स्थल पर केवल 80 बैग सीमेंट ही पहुंच पाया। उप प्रधान से मामले को लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी। जिसके बाद ही मामले को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस संबंध में जिला पंचायत अधिकारी सतीश अग्रवाल के अनुसार उन्हें मामले से संबंधित कोई जानकारी नहीं है। पुलिस में दर्ज मामले के आधार पर ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं नाहन के बीडीओ कृष्ण दत्त ने बताया कि मामला संगीन है। वह स्वयं इस मामले की जांच कर रिपोर्ट आगे प्रेषित करेंगे।

Related posts