
मंडी। मंडी-रिवालसर सड़क पर दो अंब के पास पहाड़ी धंसने से कई रिहायशी मकान खतरे की चपेट में आ गए। बुधवार को तीन परिवारों ने खतरे को देखते हुए मकान खाली कर दिए हैं। साथ ही किराये पर रहने को मजबूर हो गए। भवन निर्माण के लिए जमीन की कटिंग कार्य के दौरान मंगलवार शाम को अचानक पहाड़ी धंसने लगी। इससे आसपास के कई रिहायशी मकानों को खतरा पैदा हो गया है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से बुधवार को मस्त राम, रूप सिंह और महेंद्र सिंह ने अपने रिहायशी मकान खाली कर दिए हैं।
मस्त राम का परिवार किराये के मकान पर रहा है। पहाड़ी धंसने से लोगों में भय का माहौल है। बरसात के मौसम में भी दो अंब के पास पहाड़ी धंसने से दो रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। तहसीलदार अजय पराशर ने कहा कि दो अंब के पास पहाड़ी धंसने की सूचना मिली है। उन्होंने वीरवार को मौका मुआयना किया जाएगा। कहा कि रिहायशी मकानों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
