
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के पुराना बाजार कस्बे में इलेक्ट्रीशियन नितिन गुप्ता (31) पुत्र यादवेंद्र ने अपने दोस्त के घर शनिवार रात को फंदा लगाकर इहलीला समाप्त कर ली। पुराना बाजार का नितिन गुप्ता कस्बे में ही अपने दोस्त के घर सोने गया हुआ था।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसका नागरिक अस्पताल सुंदरनगर में पोस्टमार्टम करवाया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। मृतक अपने मांता-पिता की इकलौती संतान और अविवाहित था।
शनिवार की रात नितिन का दोस्त कहीं गया हुआ था। रविवार सुबह जब नितिन घर नहीं आया तो परिवार के लोगों ने उसके मोबाइल पर संपर्क साधा मगर मोबाइल पर कोई संपर्क नहीं हुआ। नतीजन परिवार का एक सदस्य उसे बुलाने के लिए उसके दोस्त के घर गया। दरवाजा खटखटाने तथा आवाज लगाने के बाद भी जब कमरे के अंदर से काफी देर तक कोई उत्तर नहीं मिला तो वहां आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। दरवाजा तोड़ने के बाद लोग जब कमरे में दाखिल हुए तो नितिन पंखे के साथ फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी के प्रभारी बिन्नी मिन्हास घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने शव को फंदे से उतारने के बाद अपने कब्जे में ले लिया। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मृतक नितिन इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।
मां मैं आपकी सेवा करने में विफल रहा …
घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी मां से यह कह कर माफी मांगी है कि वह उनकी सेवा करने में विफल रहा है। नतीजन, आत्महत्या के सिवाय उसके पास कोई चारा नहीं है।
