दैसण और मोलखंडी के खेतों में अवैध खनन

पौड़ी। कल्जीखाल प्रखंड के दैसण और मोलखंडी गांव के ग्रामीणों ने कुछ खनन व्यवसायियों पर अवैध खनन का आरोप लगाया। डीएम चंद्रेश कुमार यादव से मिलने आए दैसण और मोलखंडी के ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि क्षेत्र में खनन व्यवसाय से जुड़े लोग नाप खेतों में जमा हुए रेत का अवैध खनन कर रहे हैं। भूमिधरों को यह कहकर भ्रमित किया जा रहा है कि वह खेतों से रेत हटाने के लिए शासन से स्वीकृति लाए हैं। उन्होंने डीएम से खनन पर रोक लगाने की मांग उठाई है।
दैसण गांव निवासी हरीश चंद्र डोभाल, गोविंद सिंह, बलवंत सिंह, सुभाष, गोपाल सिंह, प्रताप सिंह और वीरेंद्र सिंह आदि ने बताया कि कुछ समय पूर्व क्षेत्र में वन क्षेत्र के लिए सड़क का निर्माण कराया जा रहा था, जिस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताकर कार्य रुकवाया। अब लोगों को भ्रमित कर खनन व्यवसायी और वन विभाग के अधिकारी खनन स्वीकृति की आड़ में सड़क का निर्माण करने की योजना पर काम कर रहे हैं। जहां खनन किया जा रहा है वहां शीशम और खैर के सैकड़ों पेड़ हैं उन्हें भी खतरा बना है। उन्होंने खनन प्रक्रिया को अवैध बताते हुए कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई है।

Related posts