दैनिक भोगी कब होंगे रेगुलर

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को शिक्षा उपनिदेशक के साथ आयोजित हुई। इसमें विभिन्न कर्मचारी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान दैनिक भोगी कर्मियों को रेगुलर करने और उनके लिए नीति बनाए जाने को लेकर कर्मचारी नेताओं ने आवाज उठाई। मिड-डे-मील कर्मियों के आने और जाने का समय निर्धारित करने की भी मांग की गई। इसके अलावा खंड प्रारंभिक कार्यालय में रिक्त पड़े पदों को भरने, पार्ट टाइम और दैनिक भोगी की वरिष्ठता सूची तैयार करने, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में इंटरनेट, फोन और फैक्स सुविधा देने, सभी कार्यालयों में कंप्यूटर और इंटरनेट सुविधा देने, शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में कर्मचारियों के बैठने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने आदि मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि अधीक्षक ग्रेड-1 को भवन में बैठने के लिए अलग से कक्ष नहीं है। इसके अलावा उक्त भवन में 60 कर्मचारियों के बैठने के लिए स्थान पर्याप्त नहीं है। मिड-डे-मील खाते के बजट को खर्च करने की अनुमति खंड प्रारंभिक अधिकारियों को दी जाए, ताकि कार्यालय में आवश्यकता अनुसार जरूरी सामान खरीदा जा सके। प्रदेश का सबसे बड़ा जिला होने के बावजूद एक उपनिदेशक प्रारंभिक और सेकेंडरी दोनों विभागों को संभाल रहे हैं, जो बेहद मुश्किल कार्य है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में एकमात्र दूरभाष है, जिस पर फैक्स और सारे जिले से फोन आते हैं, यहां एक और कनेक्शन की आवश्यकता है। इस मौके पर शिक्षा उपनिदेशक भजन सिंह ने कहा कि संघ की मांगों को शिक्षा निदेशक और सचिव के समक्ष रखा जाएगा तथा इनका जल्द से जल्द हल किए जाने की कोशिश रहेगी।
इस मौके पर जिला प्रधान उदय सिंह राणा, वरिष्ठ उपप्रधान दिनेश कुमार, महासचिव संजय गुलेरी, शिकायत निवारण कमेटी अध्यक्ष अश्वनी सूद, जिला प्रेस सचिव ईश्वर दास, राज्य कार्यकारिणी उपाध्यक्ष बाल कृष्ण कपूर, संयुक्त सचिव स्वरूप राणा, क्षेत्रीय प्रधान अभिषेक शर्मा, गिरीश कमल कपूर समेत विभिन्न शिक्षा खंडों से गैर शिक्षक कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts