
हल्द्वानी। पावर कारपोरेशन ने हल्द्वानी शहर को दो हिस्सों में बांट दिया है। एक शहरी हल्द्वानी और दूसरा देहात। जिसका फायदा उठाते हुए विभाग देहात क्षेत्र में जमकर कटौती कर रहा है। वित्त मंत्री के कटौती मुक्त शहर के दावे को भी विभाग ने फुस्स कर दिया, जिस कारण शहर क्षेत्र वाले तो मौज काट रहे हैं, जबकि देहात क्षेत्र में भारी कटौती की जा रही है। मंगलवार को भी दिन में पूरे चार घंटे की कटौती की गई।
पावर कारपोरेशन अधिकारियों के मुताबिक ऋषिकेश कंट्रोल रूम से निर्देश मिले हैं कि सभी शहरी क्षेत्रों की कटौती बंद कर दी जाए, लेकिन हल्द्वानी को कटौती मुक्त करने के बावजूद मंगलवार को सुबह ग्यारह से अपराह्न तीन बजे तक देहात क्षेत्र में बिजली काटी गई। पावर कारपोरेशन अधिकारियों का कहना है कि ऋषिकेश कंट्रोल रूम के निर्देश पर अब बारी-बारी बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। यह शहर का दुर्भाग्य ही है कि सड़क, सफाई आदि सुविधाओं से पहले ही देहात क्षेत्र के लोग वंचित हैं। अब बिजली विभाग ने भी इन इलाकों में बिजली कटौती कर दोयम दर्जे का व्यवहार किया है।
देहात में यहां काटी गई बिजली
– टीपीनगर, देवलचौड़, बेलबाबा, धौलाखेड़ा, कमलुवागांजा, आदर्श नगर, ऊंचापुल, कठघरिया, पनियाली, जज फार्म, मानपुर पश्चिम, मानपुर उत्तर, नैनी विहार, प्रीतमपुरी, कत्था फैक्ट्री, गोरा पड़ाव, गौजाजाली, तीनपानी, गौलापार
शहर के इन इलाकों में नहीं काटी गई बिजली
– बरेली रोड, इंदिरानगर, मंडी, रामपुर रोड, नैनीताल रोड, हाइडिल गेट, शीशमहल, काठगोदाम, रानीबाग
