
देहरा निर्वाचन क्षेत्र के लिए होने वाले उप चुनाव में कांग्रेस उलझी हुई नज़र आ रही है । जहाँ कांग्रेस हाईकमान ने मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी को प्रत्याशी घोषित कर पार्टी की टिकट थमाई है । वहां दूसरी तरफ डॉ राजेश शर्मा अपनी टिकट कट जाने से खफा है । डॉ राजेश ने कहा कि
मुख्यमंत्री सुक्खू अच्छे इंसान हैं और हिमाचल की प्रजा के मालिक हैं। मैं भी उसी प्रजा का हिस्सा हूं, इसलिए मुझे भी सुरक्षा की अनुभूति होनी चाहिए। कहा कि वह शुक्रवार दोपहर दो बजे देहरा में चुनाव नामांकन भरेंगे। कहा कि वह देहरा के हित के लिए हर हाल में चुनाव लड़ेंगे, इसके बदले में चाहे मेरा अहित ही क्यों न हो। डॉ. राजेश ने कहा कि वह दो नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, एक कांग्रेस से और दूसरा निर्दलीय के तौर पर।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं देहरा से पूर्व में प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश की तबीयत में अब सुधार है। उन्हें देहरा स्थित सिविल अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। वीरवार सुबह उन्होंने अपने परिवार सहित कुलदेवता बाबा बरोटू के मंदिर में पहुंचकर पूर्जा-अर्चना की और यहां भंडारे में भाग लिया। थोड़ी देर अपने समर्थकों के साथ मिलने के बाद वह सीधे अपने घर निकल गए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने वक्तव्य में कहा है कि अपनी पत्नी को उपचुनाव में नहीं उतरना चाहते थे मगर सर्वे में उनकी पत्नी का नाम सबसे ऊपर आने के बाद कांग्रेस हाईकमान ने यह फैसला लिया है ।
