देहरा में 138 को जारी किए नोटिस

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। बिजली बोर्ड उपमंडल देहरा ने अरसे से बिजली बिल जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। बिजली बोर्ड उपमंडल देहरा ने इलाके के करीब 138 घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस के बाद उपभोक्ताओं के बीच हड़कंप मच गया है। बोर्ड ने बिल जमा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित अवधि में बिल जमा नहीं कराने की सूरत में बिजली काटने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार बिजली बोर्ड देहरा के तहत एक हजार के करीब बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 138 उपभोक्ता ऐसे हैं, जो अरसे से बिजली की बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। इन उपभोक्ताओं से बिजली बोर्ड को लाखों रुपए वसूलने हैं। लेकिन बार-बार नोटिस देने के बावजूद ये उपभोक्ता बिजली बिल की राशि को जमा नहीं करवा रहे हैं। बोर्ड ने अब बिल जमा नहीं कराने की सूरत में बिजली काटने के फरमान जारी कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि बोर्ड ने दो सप्ताह के भीतर बिल जमा कराने की अपील है। सूत्र बताते हैं कि बोर्ड के उच्चाधिकारियों से निर्देश मिले हैं कि लंबित पड़े बिजली बिलों की रिकवरी की जाए और जरूरत पड़े तो बिजली काटने से भी पीछे न हटें। बोर्ड के देहरा उपमंडल के उपभोक्ताओं से करीब 60 से 70 लाख रुपए वसूलने हैं।
उधर, बिजली बोर्ड उपमंडल देहरा के एसडीओ प्रेम चंद ने पुष्टि करते हुए कहा कि इलाके के करीब 138 उपभोक्ताओं को लंबित बिल जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

Related posts