देहरादून, विकासनगर और अली टीम ने जीते मैच

पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा नगर परिषद् खेल मैदान में डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। कोस्को बाल क्रिकेट कप स्पर्धा में हिमाचल एवं उत्तराखंड की 32 टीमें भाग ले रही हैं। पांवटा में चार दिनों तक प्रतियोगिता चलेगी। देहरादून, अली एकादश एवं विकासनगर टीमों ने शुरुआती मैच जीत कर अगले चरण में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा के प्रधानाचार्य बीएस सैनी ने किया। उन्होंने कहा कि देश के गौरव सचिन तेंदूलकर से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। मुख्यातिथि बीएस सैनी एवं हिमाचल यूथ ब्रिगेड के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह मिक्का ने 11-11 हजार राशि प्रायोजक कमेटी को प्रदान की।
प्रतियोगिता संचालन कमेटी अध्यक्ष रविदीप सिंह ने कहा स्पर्धा में उत्तराखंड एवं हिमाचल से कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को 21 हजार रुपये राशि एवं ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 11हजार रुपये एवं ट्राफी प्रदान की जाएगी।
शुरुआती मैच पांवटा ने निर्धारित 8 ओवर में 50 रन बनाए जिसमें अजय ने 14 और अंकुर ने 12 रन बनाए। अर्जुन ने 2 विकेट लिए, जबकि जवाब में देहरादून टीम ने दो विकेट गवां कर लक्ष्य हासिल कर लिया। आकाश ने सर्वाधिक 25 रन बनाए।
दूसरे, मैच में बातामंडी टीम ने 38 रनों का स्कोर बनाया। कमल ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। विकासनगर की तरफ से शिवा एवं पंकज ने 3-3 विकेट लिए। विकासनगर ने 4 विकेट खो कर लक्ष्य हासिल कर लिया। नितिन ने 18 एवं नीशू ने 11 रन बनाए। तीसरा मैच शिमला एकादश एवं अली एकादश के बीच खेला गया। शिमला की टीम ने 8 ओवरों में 50 रन बनाए। मोहित ने 18 और जसमीत नेगी ने 12 रनों का योगदान किया। शाहबाज ने दो विकेट चटकाए। जवाब में अली एकादश पांवटा ने 6 ओवर में 1 विकेट गवां कर लक्ष्य हासिल किया। मोहसीन ने सर्वाधिक 21 एवं अमित ने 14 रनों का पारी खेली।
इस मौके पर नप पांवटा कमेटी उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह, बीएस सैनी, अजीत नारंग, इंद्रजीत सिंह, हरदेव वालिया, डॉ. जीएस झांब, विजेंद्र चौधरी, अरुण ग्रोवर, कर्मवीर सिंह, जसमीत सिंह, रविदीप, मयंक महावर और हिमांशु मौजूद थे।

Related posts