
अब से बस कुछ ही घंटों के बाद भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी देहरादून में शंखनाथ रैली को संबोधित करेंगे। रैली से पहले ही शनिवार को शहर पूरी तरह से मोदीमय हो गया।
कई रिकॉर्ड टूटने का भरोसा
पर्वतीय जिलों से आई भारी भीड़ रैली में हिस्सा लेने के लिए ऋषिकेश व हरिद्वार की धर्मशालाओं में रुकी है। मोदी की गर्जना के साथ भाजपाइयों को भीड़ के मामले में कई रिकॉर्ड टूटने का भरोसा है।
पढ़ें, देहरादून में आज होगा नमो का शंखनाद
माना जा रहा है कि रैली में मोदी का फोकस आपदा के बाद कार्यों में ढिलाई और लोकसभा चुनाव के लिए लोगों को झकझोरने पर रहेगा।
शंखनाद रैली में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य वक्ता हैं। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। लेकिन मोदी का जबरदस्त क्रेज है। पूरा शहर बैनर से पटा है। रैली का समय ग्यारह बजे है।
नश्तर चुभोने वाली रहेंगी बातें
वहीं भीड़ का आलम यह है कि रैली की तैयारियों को देखने के लिए ही सैकड़ों लोगों परेड ग्राउंड पहुंच रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने संयुक्त रूप से रोड शो निकालकर लोगों को रैली में आने का आह्वान किया। मोदी की बातें जो भी हो लेकिन केंद्र व राज्य की कांग्रेस सरकारों को नश्तर चुभोने वाली तो रहेगी ही।
मुख्य सचिव ने भी लिया जायजा
रैली की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक ना रहे इसके लिए सरकार की तरफ से पूरे जतन किए जा रहे हैं। प्रमुख सचिव गृह ओमप्रकाश स्वयं कई बार परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर चुके हैं।
मुख्य सचिव सुभाष कुमार ने दोपहर दो बजे प्रमुख सचिव गृह ओमप्रकाश व पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू समेत कई वरिष्ठ अफसरों से तैयारियों संबंधी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा के इंतजाम में किसी भी तरह की कोताही ना बरती जाए।
पढ़ें, मोदी की रैली से व्यापारियों को लगेगा ढाई करोड़ का झटका
मोदी को मिल रहे अपार जनसमर्थन के बाद राज्य के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा घबरा गए हैं। खुफिया एजेंसियों ने भी जो फीड बैक सीएम को दिया उसमें मोदी की जबरदस्त स्वीकार्यता मिली है। इसलिए रैली को तमाशा कहना बहुगुणा की हताशा व बौखलाहट का परिचायक है।
– सुरेश जोशी, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा
ये होगा कार्यक्रम
– भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर दोपहर 12.45 बजे पहुंचेंगे
– जौलीग्रांट एयरपोर्ट से मोदी हेलीकॉप्टर से परेड ग्राउंड में बने हेलीपैड पर दोपहर एक बजे उतरेंगे
– भाजपा की शंखनाद रैली को संबोधित करने के बाद दोपहर 2.30 बजे लौट जाएंगे नरेंद्र मोदी
– हालांकि प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत और रैली संयोजक विधायक हरबंस कपूर का कहना है कि मोदी सुबह 11 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे
– हेलीपैड से मंच तक बुलेट प्रूफ मोबाइल जैमर वैन से मोदी को पहुंचाया जाएगा। मंच के दोनों ओर बुलेट प्रूफ शीशा लगा है
– हथियार, ज्वलनशील पदार्थ, बीड़ी, सिगरेट, पानी की बोतल, खाने-पीने की चीजें और धातु की चीजें रैली में लेकर न जाएं
पढ़ें, जेपी जोशी के स्टिंग की कहानी में झोल है
– खुफिया एजेंसियों की मानें तो रैली में करीब 90 हजार लोग शामिल होंगे। मोदी की रैली की निगरानी हेलीकाप्टरों से भी होगी
– परेड ग्राउंड में करीब 80 हजार से अधिक लोगों की है बैठने की क्षमता। 15 हजार लोग हो सकते हैं खड़े
– रैली स्थल पर 25,000 कुर्सियां लगेंगी, बेरिकेडिंग के दो घेरों तक चारों तरफ दरियां बिछेंगी, महिलाओं के लिए अलग से है गैलरी
– राजधानी में चप्पे-चप्पे पर 1500 जवान तैनात, दो सौ से अधिक जवान रहेंगे रिजर्व में
– एनएसजी कमांडो, गुजरात पुलिस समेत केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा घेरा है तैयार
– मैदान के चारों ओर, रैली स्थल पर बेरिकेडिंग के ऊपर, पानी की टंकियों पर 15 सीसी कैमरे लगे हैं
– मौसम खराब होने की स्थिति में मोदी को सड़क मार्ग से लाने की संभावना के मद्देनजर जौलीग्रांट से परेड ग्राउंड तक की गई रिहर्सल
– परेड ग्राउंड की सुरक्षा का जिम्मा तीन आईपीएस अधिकारियों, चार एएसपी और नौ डीएसपी के पास होगा
– 15 इंस्पेक्टर, 94 सब इंस्पेक्टर, 12 महिला सब इंस्पेक्टर, 650 कांस्टेबल, 8 कंपनी पीएसी, क्यूआरटी दस्ता, एंटी टेररिस्ट स्क्वायड, गुलदार फोर्स भी तैनात रहेंगे
– चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, 12 एंबुलेंस, चार दंगा नियंत्रण वाहन भी रैली स्थल पर रहेंगे तैनात
