
देहरादून। आईआईटी और आईएसएम धनबाद में दाखिले के लिए आज जेईई एडवांस की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दून में दो केंद्रों पर आयोजित होगी जिसमें करीब एक हजार परीक्षार्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
जेईई एडवांस परीक्षा के लिए राजा राम मोहन राय एकेडमी और ग्राफिक एरा विवि को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जानकारी के मुताबिक दोनों केंद्रों पर एक हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। आईआईटी में दाखिले के लिए होने वाली इस परीक्षा का परिणाम 23 जून को घोषित किया जाएगा। परीक्षा में दो प्रश्न पत्र होंगे। दोनों ही पेपर में फिजिक्स, कैमिस्ट्री और मैथ्स आएगा। विशेषज्ञों के मुताबिक परीक्षा में गत वर्षों के आईआईटी परीक्षा का पैटर्न आने की उम्मीद है। आकाश इंस्टीट्यूृट के उप निदेशक डीके मिश्रा ने बताया कि एडवांस परीक्षा में कामयाब होने को लेकर पहले से दिमाग में कोई छवि बनाने के बजाए छात्र एकाग्रता से प्रश्न पत्र हल करें। बलूनी क्लासेज के अकादमिक निदेशक डा. अनिल पटेल ने बताया कि जेईई एडवांस परीक्षा का पैटर्न आईआईटी जैसा ही होगा। इसमें जरूरी है कि छात्र समय के प्रबंधन के साथ पहले उन सवालों पर फोकस करें, जो आसान हों। उन्होंने बताया कि पहले पांच मिनट पर पेपर पढ़ने में जरूर लगाएं।
एसएससी की परीक्षा भी आज
जेईई एडवांस के अलावा एसएससी की परीक्षा भी आज शहर में तीन केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के मुताबिक परीक्षा की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
