देश में चल रही है मोदी की लहर : कर्नल इंद्र

सरकाघाट (मंडी)। विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने कहा कि देश में मोदी नाम की लहर चल रही है। हाल ही में चार राज्यों में हुए विस चुनाव के एग्जिट पोल से इस बात का पता चलता है कि आने वाले 15 अगस्त को मोदी लाल किले पर झंडा लहराएंगे। विधायक ने विस क्षेत्र के मनवाणा गांव में विधायक निधि से 1 लाख 75 हजार से निर्मित महिला मंडल भवन का उद्घाटन किया। पोलिंग बूथ अप्पर रड़ा मनवाणा, लोअर रड़ा मनवाणा, खनोट-एक और खनोट-दो में पार्टी कार्यकर्ताआें से मुलाकात की। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में महंगाई से आम आदमी त्रस्त है। युवा बेकारी की मार झेल रहे हैं। सरकारी डिपुआें में खाद्य सामग्री नहीं मिल रही।
उन्हाेंने आरोप लगाया कि गरीब जनता को घटिया सरसाें के तेल की आपूर्ति की जा रही है। केंद्र की यूपीए सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। कार्यकर्ताआें से आह्वान किया कि 2014 के चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनमत तैयार करें। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री दलीप ठाकुर, मंडल अध्यक्ष रूपलाल रत्न, महासचिव अंजू शर्मा, राजेंद्र भुट्टो, रामलाल कौशल और अमरनाथ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे

Related posts