
चुवाड़ी (चंबा)। भटियात भाजपा मंडल के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मंगलवार को पूर्व मंत्री स्व. किशोरीलाल के घर में किया गया। इसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं व भाजपा मंडल के पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन एवं प्रथम सत्र की अध्यक्षता सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश चलाना शहजादे के वश का काम नहीं है। इसके लिए भाजपा ने नरेंद्र मोदी जैसा सशक्त नेता चुना है। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस के शासनकाल में जितना भ्रष्टाचार फैला है, उतना कभी नहीं फैला। साथ ही कांग्रेस सरकार ने देश में महंगाई को बढ़ावा देते हुए आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ व मंडल स्तर पर डट कर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि देश में अगली सरकार भाजपा के नेतृत्व में ही बनेगी। शिविर के समापन सत्र की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने की। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को आगामी लोस चुनावों के मद्देनजर चुनावी टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा से जुडे़ लोगों पर झूठे केस बनाकर उनको फंसाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार ने जो भी योजनाएं चलाई थीं, कांग्रेस सरकार उनका नाम बदल कर रखने के बजाय कुछ नया नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पीटीए अध्यापकों को सरकार बनते ही पक्का किए जाने का वादा किया था, मगर इसे अब तक पूरा नहीं कर पाई है। इस मौके पर स्थानीय भाजपा विधायक बिक्रम सिंह जरियाल, भाजपा जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर, विनोद महाजन, राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य व व्यापार प्रकोष्ठ अशोक महाजन, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र महाजन, एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष जय सिंह, एससी वर्मा, ब्रिज लाल शर्मा, अविनाश महाजन, संतोष कुमार शर्मा, दिव्य चक्षु सहित भाजपा समर्थित प्रधान व उप प्रधान उपस्थित रहे।
