
भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्वालियर और चंबल विकास की अपार संभावनाओं वाले क्षेत्र हैं। हम चाहते हैं कि बड़े उद्योग आएं और यहां के युवा भी उद्यमी बनें। मुख्यमंत्री चौहान कल ग्वालियर में इंडिया टुडे समूह द्वारा आयोजित (उभरता चंबल कानक्लेव) को संबोधित कर रहे थे। कानक्लेव का आयोजन इंडिया टुडे और आईटीएम विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था।
चौहान ने कहा कि पर्यटन, उद्योग, मानव संसाधन और जरूरी अधोसंरचनाओं का विकास कर इन क्षेत्रों के विकास को और गति दी जाएगी। किसी समय दस्यु समस्या के लिए जाने जाना वाला चंबल क्षेत्र अब तेजी से विकास क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश ने विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
देश की विकास दर पांच प्रतिशत है जबकि मध्यप्रदेश ने पिछले पांच साल में लगातार दो अंकों में विकास दर हासिल की है। प्रदेश की कृषि विकास दर लगभग 19 प्रतिशत है जो देश में सर्वाधिक है। भारत की विकास दर बढ़ाने में भी मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान होगा।
